बस्ती , 09 जून : लाइव भारत समाचार :- बेसिक शिक्षा परिषद के उच्च प्राथमिक विद्यालय बहेरिया में गर्मी की छुट्टियों को सार्थक बनाने के उद्देश्य से आयोजित समर कैंप ने बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सीखने की क्षमता को नया आयाम दिया। यह शिविर 9 जून तक संचालित किया गया, जबकि इसका भव्य समापन 10 जून को होगा।
इस समर कैंप के अंतर्गत बच्चों ने चित्रकला, रंगोली, हस्तशिल्प, योगाभ्यास, कहानी लेखन, समूह गायन, लोक नृत्य, खेलकूद एवं विज्ञान आधारित गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा को प्रस्तुत करने और सीखने के नए अवसर मिले।
कैंप की संचालिका संगीता देवी और साधना ने पूरे समर्पण भाव से इसका संयोजन किया। साथ ही प्रधानाध्यापक ओम प्रकाश शुक्ला, एसआरजी आशीष श्रीवास्तव, विवेक वर्मा, विनय वर्मा, सौरभ मिश्रा और सुधा शर्मा जैसे शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक सहयोग प्रदान किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री अनुप कुमार ने बताया कि “यह समर कैंप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिसने शिक्षा को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखते हुए, अनुभवात्मक और आनंददायक बनाया है।”
यह शिविर न केवल बच्चों के लिए रचनात्मक अभिव्यक्ति का मंच बना, बल्कि उन्हें खुले वातावरण में सीखने, समझने और आत्मविश्वास के साथ स्वयं को व्यक्त करने का सुअवसर भी प्रदान किया।
रिपोर्ट ,बस्ती ब्यूरो : लाइव भारत समाचार