बस्ती , 21 अगस्त : लाइव भारत समाचार :- सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामबाग बस्ती में आज विद्या भारती गोरक्ष प्रांत द्वारा आयोजित संस्कृति बोध परियोजना व्यापीकरण अभियान का औपचारिक उद्घाटन हुआ। यह अभियान दिनांक 18 अगस्त 2025 से 03 सितम्बर 2025 तक चलेगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय की प्रबंध समिति के सदस्य श्री दिनेश पाल जी रहे। मंच पर
विद्यालय के परीक्षा प्रमुख श्री आशीष सिंह ने आगत अतिथियों का परिचय कराया और अतिथियों का अंग वस्त्र से सम्मान किया गया। मंच पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गोविंद सिंह, अभिभावक श्री दिलीप कुमार द्विवेदी, ब्लूमिंग बड्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य श्री रूपेश त्रिपाठी और पूर्व छात्र नितेंद्र अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
अभियान की चर्चा करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि भारतीय संस्कृति का प्रवाह अबाध व निरंतर बना रहे, इसकी समाज को बड़ी आवश्यकता है। हम सब भारतीय संस्कृति के रक्षण-पोषण और संवर्धन में सहयोगी बनें, इसी दृष्टि से इस योजना का शुभारंभ किया गया है। हमारी संस्कृति नई पीढ़ी तक पहुंचे, नई पीढ़ी को इसका सम्यक और सर्वांग बोध हो, यही इस योजना का उद्देश्य है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गोविंद सिंह ने इस अवसर पर कहा कि इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए प्रत्येक वर्ष हमारे छात्र और आचार्य संस्कृति ज्ञान परीक्षा देते हैं। इसी प्रकार अभिभावकों के लिए भी यह परीक्षा आयोजित की जाती है। विद्या भारती के अतिरिक्त अन्य विद्यालयों के छात्र और अभिभावक भी इस योजना से जुड़ते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संस्कारहीन शिक्षा किसी काम की नहीं है। यह विद्या भारती की महत्वपूर्ण महकांक्षी योजना है। आज हम विदेशी वैज्ञानिकों को जानते हैं, जबकि अपने देश के मनीषियों और वैज्ञानिकों को नहीं जानते। संस्कृति ज्ञान परीक्षा की पुस्तक में भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण जानकारियां हैं।
प्रधानाचार्य जी ने आए हुए सभी महानुभावों के प्रति हृदय से कृतज्ञता करते हुए अपनी बात को पूर्ण किया। इस अवसर पर अनेक अन्य अभिभावक बंधु / भगिनी भी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट , बस्ती ब्यूरो : लाइव भारत समाचार