बस्ती। 24 मार्च:- लाईव भारत समाचार:- नगर पंचायत भानपुर स्थित बैड़वा समय माता मंदिर परिसर में चैत्र नवरात्रि के छठवें दिन भव्य धार्मिक आयोजन का आयोजन किया गया। बैड़वा समय माता मंदिर ट्रस्ट, भानपुर के संयोजन में माता का जागरण, विशाल भंडारा एवं फलाहार कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर माता रानी के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों एवं रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। पूरे वातावरण में भक्ति गीतों और माता के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। देर रात तक चले जागरण में भक्तगण भक्ति में लीन नजर आए। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, श्रद्धा और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि मातृ शक्ति सर्वोपरि है और नवरात्रि हमें शक्ति और संयम का संदेश देती है।
मंदिर ट्रस्ट के सदस्य मनोज सिंह ने कहा कि “चैत्र नवरात्रि का पर्व हमारी आस्था और परंपरा का प्रतीक है। जागरण और भंडारे के माध्यम से समाज को एक सूत्र में पिरोने का प्रयास किया गया है। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।”
ट्रस्ट के प्रबंधक बलवंत सिंह ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश, बैठने एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई थी। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में ट्रस्ट सदस्यों एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग के लिए आभार प्रकट किया।
बैड़वा समय माता मंदिर ट्रस्ट भानपुर बस्ती के पदाधिकारियों में अध्यक्ष विष्णु प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष हनुमंत सिंह, उपाध्यक्ष कमला सिंह सहित सदस्य मनोज सिंह, विकास सिंह, लल्लन सिंह, राजाराम तिवारी, वृजेश सिंह, रविप्रताप सिंह, बबलू सिंह एवं दीपू उपस्थित रहे।
रिपोर्ट, अजय श्रीवास्तव लाईव भारत समाचार