बस्ती।19 अप्रैल:- लाईव भारत समाचार:- मालवीय रोड स्थित नवयुग मेडिकल सेंटर में चिकित्सकों की टीम ने एक अत्यंत जटिल और दुर्लभ न्यूरो सर्जरी कर 16 वर्षीय बालक की जान बचाकर चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। सफल ऑपरेशन के बाद बालक अब पूरी तरह स्वस्थ है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
बालक के परिजनों ने चिकित्सकों की टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया है। अस्पताल के सर्जन डॉ. अभिजात कुमार ने बताया कि यह सर्जरी बेहद चुनौतीपूर्ण थी और इसे नवयुग मेडिकल सेंटर की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
न्यूरो सर्जन डॉ. आदित्यधर द्विवेदी ने बताया कि बालक छत से गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिससे उसके मस्तिष्क में रक्त का थक्का जम गया था। स्थिति अत्यंत नाजुक थी और समय बहुत कम था। यदि उसे लखनऊ ले जाया जाता, तो अस्पताल पहुंचने तक ‘गोल्डन आवर’ समाप्त हो सकता था, जिससे खतरा और बढ़ जाता।
शहर के धर्मशाला रोड निवासी सुशील पाण्डेय ने बताया कि उनका बेटा क्रिकेट खेलते समय घर की छत से आंगन में गिर गया था, जिससे सिर में गंभीर चोटें आई थीं। मामला न्यूरो से संबंधित होने के कारण परिजनों ने लखनऊ के कई अस्पतालों से संपर्क किया, जहां सर्जरी का खर्च 8 से 10 लाख रुपये बताया गया।
इसके बाद परिजनों ने नवयुग मेडिकल सेंटर से संपर्क किया। चिकित्सकों की सलाह पर तत्काल सर्जरी का निर्णय लिया गया। अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. अभिजात कुमार, न्यूरो सर्जन डॉ. आदित्यधर द्विवेदी, डॉ. सर्वेश, डॉ. दिव्यजात कुमार एवं आशुतोष श्रीवास्तव की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन किया, जो पूरी तरह सफल रहा।
परिजनों ने कहा कि अब बस्ती में भी गंभीर न्यूरो समस्याओं का सफल इलाज संभव हो रहा है। चिकित्सकों ने बालक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि गंभीर स्थिति में बाहर जाने से पहले स्थानीय विशेषज्ञों से परामर्श अवश्य लेना चाहिए।
रिपोर्ट, अजय श्रीवास्तव:- लाईव भारत समाचार