टेंडर प्रकाशन भुगतान पर उठे सवाल, ग्राम पंचायत कटया में वित्तीय अनियमितता की आशंका
संतकबीरनगर। विकास खंड हैसर बाजार की ग्राम पंचायत कटया में टेंडर प्रकाशन शुल्क के भुगतान को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। उपलब्ध वित्तीय अभिलेखों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में पांचवें राज्य वित्त आयोग मद से टेंडर प्रकाशन के नाम पर ₹3,500 का भुगतान दिनांक 14 अक्टूबर 2025 को वाउचर संख्या 5THSFC/2025-26/P/16 के माध्यम से विजय प्रकाश के नाम दर्ज किया गया है।
मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है कि सामान्यतः टेंडर प्रकाशन संबंधी भुगतान उस समाचार पत्र, प्रकाशन संस्था अथवा अधिकृत एजेंसी के नाम किया जाता है, जहां टेंडर का प्रकाशन कराया गया हो। ऐसे में किसी व्यक्ति विशेष के नाम भुगतान किए जाने से वित्तीय प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं भुगतान की वैधता पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
ग्रामीणों और जागरूक नागरिकों का कहना है कि यदि टेंडर किसी समाचार पत्र या अधिकृत प्रकाशन माध्यम में प्रकाशित कराया गया था, तो भुगतान भी संबंधित संस्था के नाम होना चाहिए था। ऐसी स्थिति में यह स्पष्ट किया जाना आवश्यक है कि विजय प्रकाश की भूमिका क्या थी तथा किन परिस्थितियों और दस्तावेजों के आधार पर उनके नाम भुगतान स्वीकृत किया गया।
वित्तीय पारदर्शिता के दृष्टिकोण से यह भी अपेक्षित है कि संबंधित विभाग टेंडर प्रकाशन से जुड़े अभिलेख, बिल-वाउचर एवं प्रकाशन प्रमाण उपलब्ध कराए, ताकि भुगतान प्रक्रिया की वैधता और औचित्य स्पष्ट हो सके।
फिलहाल इस संबंध में ग्राम पंचायत एवं संबंधित अधिकारियों का आधिकारिक पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। यदि भुगतान नियमानुसार और विधिसम्मत तरीके से किया गया है, तो अभिलेखों के माध्यम से स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। वहीं, यदि जांच में किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या प्रक्रिया संबंधी त्रुटि सामने आती है, तो नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग भी स्थानीय स्तर पर उठने लगी है।