डग्गामार मिनी बस की टक्कर से पुलिसकर्मी की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर
बस्ती, 22 जून (लाइव भारत समाचार)। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बालेडीह के पास सोमवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में सिद्धार्थनगर जनपद में तैनात एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थनगर में तैनात आरक्षी मिथिलेश ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बालेडीह आयुर्वेद अस्पताल के निकट एक तेज रफ्तार मिनी बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आरक्षी गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद घायल पुलिसकर्मी कुछ समय तक सड़क पर पड़े रहे। स्थानीय लोगों ने तत्काल सहायता का प्रयास किया, लेकिन उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक आरक्षी मिथिलेश मूल रूप से हरदोई जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में संचालित अवैध एवं तेज रफ्तार डग्गामार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसे वाहनों की लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वाल्टरगंज थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट : बस्ती ब्यूरो, लाइव भारत समाचार