संतकबीरनगर में इंडियन ऑयल का नया फिलिंग स्टेशन शुरू।

संतकबीरनगर। जिले के धनघटा-खलीलाबाद मुख्य मार्ग पर स्थित नोक्ता गांव के समीप मंगलवार को इंडियन ऑयल के नए श्रीशंकर फिलिंग स्टेशन का वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भव्य शुभारंभ किया गया। समाजवादी पार्टी के युवा नेता एवं खलीलाबाद विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुबोध यादव ने फीता काटकर पेट्रोल पंप का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सुबोध यादव ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास में आधुनिक बुनियादी सुविधाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों की सहज उपलब्धता से परिवहन व्यवस्था मजबूत होती है, किसानों को कृषि कार्यों के लिए समय पर ईंधन मिलता है और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलती है।

उन्होंने बताया कि धनघटा-खलीलाबाद मार्ग संतकबीरनगर का अत्यंत व्यस्त एवं रणनीतिक महत्व का मार्ग है, जो अंबेडकरनगर और आजमगढ़ जैसे जनपदों को जोड़ता है। ऐसे में इस नए फिलिंग स्टेशन के शुरू होने से हजारों वाहन चालकों, ट्रांसपोर्टरों, किसानों और आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

फिलिंग स्टेशन के संचालक राम गुलाम यादव ने बताया कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की बिक्री शुरू कर दी गई है। साथ ही फरवरी माह से यहां सीएनजी गैस की सुविधा भी उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है, जिससे स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के लोगों को अतिरिक्त सुविधा प्राप्त होगी।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि उपभोक्ताओं को इंडियन ऑयल के गुणवत्ता मानकों के अनुरूप शुद्ध ईंधन, पारदर्शी सेवा और बेहतर ग्राहक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान युवा समाजसेवी अरविंद यादव “पिंकू” के नेतृत्व में अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। समारोह में नाथनगर ब्लॉक प्रमुख राम वृक्ष यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष रामवृक्ष यादव, वरिष्ठ नेता इंदल यादव, पूर्व प्रमुख राम आशीष यादव, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बद्री प्रसाद यादव, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नीलमणि, अंतरराष्ट्रीय शायर असद महताब, विनोद यादव, अंकिता बॉबी, ऊषा देवी, अभिषेक यादव, अभय यादव, रामकेश यादव, संजय यादव, उमेश यादव, भुअर यादव, बबलू यादव सहित विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट: लाइव भारत समाचार