बस्ती कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और दुर्घटनामुक्त बनाने की तैयारी तेज

मंडलायुक्त व आईजी ने अधिकारियों संग किया रूट निरीक्षण, सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और यातायात प्रबंधन पर दिए कड़े निर्देश

बस्ती, 21 जुलाई | लाइव भारत समाचार (ब्यूरो)। आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से मंडलायुक्त अखिलेश सिंह तथा आईजी संजीव त्यागी ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। इसके बाद आयुक्त कार्यालय से शास्त्री चौक, चेतक तिराहा, भूअर निरंजन, डारीडीहा, श्री भदेश्वर नाथ मंदिर होते हुए अयोध्या सीमा तक पूरे यात्रा मार्ग का बस से स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए मंडलायुक्त अखिलेश सिंह ने सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रशासन की जिम्मेदारी और जनसेवा का भी महत्वपूर्ण अवसर है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि यात्रा पूरी तरह दुर्घटनामुक्त और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।

उन्होंने कांवड़िया संघों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी सभी समितियों और श्रद्धालुओं तक पहुंचाई जाए तथा उनका पूरी गंभीरता से पालन कराया जाए। उन्होंने श्रद्धालुओं से ट्रैक्टर-ट्रॉली का उपयोग न करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और ओवरस्पीडिंग से बचने की अपील भी की। साथ ही यात्रा मार्ग से अवैध अतिक्रमण हटाने तथा बालू, मोरंग, गिट्टी एवं अन्य निर्माण सामग्री तत्काल हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
आईजी संजीव त्यागी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित और निर्बाध यात्रा उपलब्ध कराना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने कांवड़िया संघों एवं पंडाल संचालकों से अपने नाम, पता और मोबाइल नंबर संबंधित उपजिलाधिकारी तथा थाना प्रभारी को उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित समन्वय स्थापित किया जा सके।
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बताया कि पूरे यात्रा मार्ग की निगरानी सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य आधुनिक माध्यमों से की जाएगी। संपूर्ण क्षेत्र को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर प्रत्येक सेक्टर में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। मार्ग पर मेडिकल कैंप स्थापित किए जाएंगे तथा सभी स्वास्थ्य केंद्रों को पूरी तरह सक्रिय रखा जाएगा। सर्पदंश की संभावित घटनाओं को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में स्नेक वेनम उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर स्थित बिजली के खंभों पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से नौ फीट तक प्लास्टिक शीट लगाई जाए तथा ढीले एवं झूलते तारों को तत्काल ठीक कराया जाए। जिला पंचायत, नगर पालिका एवं पंचायत राज विभाग को प्रमुख पड़ाव स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अमहट घाट पर मोटरबोट, नाव, प्रशिक्षित तैराक और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ लोक निर्माण विभाग एवं एनएचएआई को सभी सड़कों के गड्ढे समय रहते भरने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान 7 जुलाई की शाम 4 बजे से 11 जुलाई की रात्रि तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था में आवश्यक प्रतिबंध लागू रहेंगे, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।
स्थलीय निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, सीएमओ डॉ. राजीव निगम, उपजिलाधिकारी हिमांशु कुमार, उमाकांत तिवारी, राजेश यादव, डीपीआरओ घनश्याम सागर, एएमए अशोक मद्धेशिया, विद्युत एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, एआरटीओ, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, खाद्य सुरक्षा विभाग तथा पुलिस एवं प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट ब्यूरो बस्ती| लाइव भारत समाचार