
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ

लखनऊ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर राजधानी लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान पुलिस परिवार सहित बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने भक्तिमय वातावरण में जन्माष्टमी पर्व मनाया।

कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों और सनातन संस्कृति से जुड़े विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पुलिस लाइन परिसर में जन्माष्टमी को लेकर विशेष साज-सज्जा की गई थी और पूरा वातावरण भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर नजर आया।

डीजीपी ने मुख्यमंत्री को भेंट किया स्मृति-चिह्न
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही स्मृति-चिह्न के रूप में कामधेनु एवं बछड़े की आकर्षक प्रतिमा भेंट की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ जन्माष्टमी पर्व की खुशियां साझा कीं।
प्रदेशवासियों को दी जन्माष्टमी की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों तथा पुलिस परिवार के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, कर्तव्य, सत्य और लोककल्याण का संदेश देता है। जन्माष्टमी का पर्व हमें अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहने तथा समाज में सकारात्मक मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पूरे उत्साह के साथ जन्माष्टमी पर्व मनाया। आयोजन ने पुलिस परिवार के बीच पारिवारिक एवं सांस्कृतिक जुड़ाव को और मजबूत किया।
रिपोर्ट ब्यूरो लखनऊ |लाइव भारत समाचार