पेंशनरों का कलेक्ट्रेट पर हुंकार: 8वें वेतन आयोग में शामिल करने समेत 12 सूत्रीय मांगों को लेकर दिया धरना, PM-CM को भेजा ज्ञापन
लाइव भारत समाचार | बस्ती, 29 सितम्बर
सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं शिक्षक पेंशनर्स एसोसिएशन के बैनर तले पेंशनरों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर आवाज बुलंद की। अखिल भारतीय राज्य पेंशनर फेडरेशन एवं एसोसिएशन की प्रान्तीय कार्यकारिणी के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में जिले भर से आए सैकड़ों सेवानिवृत्त कर्मचारियों, शिक्षकों और पेंशनरों ने हिस्सा लिया।
धरने के बाद एसोसिएशन ने 12 सूत्रीय मांग पत्र प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी द्वारा नामित उप जिलाधिकारी सदर को सौंपा।
कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री उदय प्रताप पाल ने किया। उन्होंने सभी का ध्यान प्रमुख मांगों की ओर आकृष्ट कराया।
ज्ञापन में उठाई गईं प्रमुख 12 मांगें :
ज्ञापन में मुख्य रूप से पेंशनरों को आठवें वेतन आयोग में शामिल किए जाने, वेतन आयोग की प्रक्रिया में हो रहे विलंब को देखते हुए अंतरिम राहत स्वीकृत करने, कर्मचारियों, पेंशनरों और शिक्षकों के लिए अलग उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) बनाने, पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने, पेंशन राशिकरण की अवधि 10 वर्ष करने, 65 वर्ष की आयु पूरी होने पर प्रत्येक 5 वर्ष पर 5 प्रतिशत पेंशन वृद्धि, पेंशनरों को आयकर से मुक्त करने, कोरोना काल के 19 माह के एरियर का भुगतान, वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराए में 50 प्रतिशत छूट, कैशलेस उपचार की सीमा 10 लाख करने, महंगाई भत्ता 50 प्रतिशत से अधिक होने पर उसे मूल वेतन/पेंशन में मर्ज करने तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोग के गठन की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
वक्ताओं ने कहा – हक लेकर रहेंगे :
धरने की अध्यक्षता माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रान्तीय उपाध्यक्ष मारकण्डेय सिंह एवं संरक्षक मंडल के सदस्य प्रेम शंकर लाल श्रीवास्तव ने की। उन्होंने कहा कि पेंशनरों को 8वें वेतन आयोग से बाहर करना निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। संगठन हर स्तर पर संघर्ष के लिए तैयार है।
वरिष्ठ नेताओं इंजी. रामचन्द्र शुक्ल, नरेन्द्र देव मिश्र, विश्वदेव दूबे और अशोक कुमार मिश्र ने कहा कि कर्मचारी और पेंशनर दया के पात्र नहीं, अपना हक मांग रहे हैं और निर्णायक संघर्ष को तैयार हैं। सुनील कुमार पाण्डेय, श्रवण कुमार सिंह, चन्द्रप्रकाश पाण्डेय, भानुप्रताप सिंह ने कहा कि सरकार ने 8वें वेतन आयोग से बाहर कर अपनी मंशा जाहिर कर दी है, हम एकजुटता से इसका विरोध करेंगे।
इस दौरान बेटे और बहू के साथ देहदान की घोषणा करने वाले सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी कुलभूषण अग्रहरि तथा हाल ही में जिलाधिकारी द्वारा जेल विजिटर नियुक्त किए गए किशोरी लाल का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। वक्ताओं ने कुलभूषण अग्रहरि के साहसिक निर्णय की सराहना की।
ये रहे मौजूद :
धरना प्रदर्शन में सुरेशधर दूबे, छोटेलाल यादव, राधेश्याम तिवारी, शेषराम, देवनरायन प्रजापति, अखिलेश कुमार, सुरेशचन्द्र तिवारी, भारतभूषण श्रीवास्तव, श्रीकांत चतुर्वेदी, दिलावर, सुबाष चन्द्र श्रीवास्तव, गणेशदत्त शुक्ल, गया प्रसाद यादव, ओंकार गिरि, हरिश्चन्द्र वर्मा, रामकुमार पाल, शिवशंकर, ओमप्रकाश मिश्र, दिलीप श्रीवास्तव, ओंकार सिंह, रामपूजन सिंह, श्रीगोपाल त्रिपाठी, गिरीश चन्द्र शुक्ल सहित सैकड़ों पेंशनर मौजूद रहे।
रिपोर्ट – बस्ती ब्यूरो : लाइव भारत समाचार