श्री कृष्णा मिशन हॉस्पिटल में स्थापित हुई 70 लाख की एआई अल्ट्रासाउंड मशीन, अमेरिका से मंगाई गई अत्याधुनिक तकनीक से पूर्वांचल के मरीजों को मिलेगा लाभ
बस्ती, 12 अक्टूबर। लाइव भारत समाचार ब्यूरो
पूर्वांचल में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए अपनी अलग पहचान बना चुके श्री कृष्णा मिशन मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल ने स्वास्थ्य सेवाओं को हाईटेक बनाने की दिशा में एक और बड़ी छलांग लगाई है। हॉस्पिटल में लगभग 70 लाख रुपये की लागत से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक पर आधारित अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की गई है। अमेरिका से मंगाई गई इस वर्ल्ड क्लास मशीन के शुरू होने से बस्ती सहित पूरे पूर्वांचल के मरीजों को अब अत्याधुनिक जांच की सुविधा जिले में ही मिल सकेगी।
पिछले एक दशक से लगातार मरीजों को बेहतर इलाज देने के लिए प्रयासरत श्री कृष्णा मिशन हॉस्पिटल आधुनिक चिकित्सा संसाधनों को अपनाने में हमेशा आगे रहा है। इसी क्रम में एआई आधारित अल्ट्रासाउंड मशीन की स्थापना को हॉस्पिटल के उन्नयन की दिशा में मील का पत्थर माना जा रहा है।
हॉस्पिटल के डायरेक्टर पंकज चौधरी ने बताया कि आज के दौर में चिकित्सा क्षेत्र में एआई तकनीक का महत्व तेजी से बढ़ रहा है। मरीजों को सटीक, तेज और विश्वसनीय जांच सुविधा देने तथा हॉस्पिटल को ग्लोबल स्टैंडर्ड की तकनीक से लैस करने के उद्देश्य से यह मशीन स्थापित की गई है।
उन्होंने बताया कि नई एआई अल्ट्रासाउंड मशीन से जांच की गुणवत्ता में अभूतपूर्व सुधार होगा। यह मशीन स्वतः ही जांच रिपोर्ट का गहन विश्लेषण कर चिकित्सकों को महत्वपूर्ण क्लीनिकल जानकारी उपलब्ध कराएगी, जिससे बीमारी की जल्द पहचान और सटीक उपचार में मदद मिलेगी। विशेषकर गर्भवती महिलाओं, हृदय, पेट एवं अन्य जटिल रोगों की जांच में यह तकनीक बेहद कारगर साबित होगी।
पंकज चौधरी ने कहा, "हमारा उद्देश्य है कि पूर्वांचल के किसी भी मरीज को बेहतर इलाज के लिए महानगरों का रुख न करना पड़े। इसी सोच के साथ हम समय-समय पर आधुनिक तकनीक ला रहे हैं ताकि मरीजों को किफायती दर पर विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें।"
इस अत्याधुनिक मशीन के लोकार्पण अवसर पर हॉस्पिटल के जनरल मैनेजर वी.के. अय्यर, वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. पी.पी. मिश्रा, वरिष्ठ सर्जन डॉ. नवीन मौर्या, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सोमा सा, एमडी रेडियोलॉजिस्ट डॉ. वीरेन्द्र चौधरी, डॉ. अजीज आलम, दुर्गेश चौधरी, मनोज चौधरी सहित हॉस्पिटल परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।