बस्ती में 23 अक्टूबर को लगेगा प्रथम परिवहन मेला, एक ही छत के नीचे मिलेंगी पंजीकरण से लेकर लाइसेंस तक की सभी सुविधाएं
बस्ती, 13 अक्टूबर। लाइव भारत समाचार ब्यूरो
वाहन स्वामियों और आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। परिवहन विभाग बस्ती द्वारा 23 अक्टूबर 2026 को प्रथम परिवहन मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में परिवहन से जुड़ी सभी सेवाएं एक ही स्थान पर मौके पर ही उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) फरीदउद्दीन ने बताया कि परिवहन आयुक्त के निर्देश पर राजस्व प्राप्तियों में वृद्धि के साथ-साथ आम जनता को सरल, सुगम और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों पर चरणबद्ध रूप से परिवहन मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बस्ती में प्रथम परिवहन मेला लगाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि परिवहन मेला राजस्व सृजन-सह-नागरिक सेवा सुविधा मंच के रूप में कार्य करेगा। मेले में वाहन स्वामियों के लंबित कर एवं बकायों की मौके पर ही वसूली, वन टाइम टैक्स, अग्रिम कर की प्राप्ति के साथ ही कई सुविधाओं में छूट भी दी जाएगी।
मेले में मिलने वाली प्रमुख सुविधाएं:
पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, शास्ति में छूट, HSRP (हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट), चालान निस्तारण, ड्राइविंग लाइसेंस, मोबाइल नंबर अपडेट सहित परिवहन विभाग की सभी सेवाएं मौके पर ही प्रदान की जाएंगी।
आरटीओ प्रशासन ने सभी वाहन स्वामियों और आम नागरिकों से अपील की है कि इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने लंबित कार्यों को एक ही स्थान पर निस्तारित कराएं।