Livebharatsamachar:
लुधियाना के एक चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर अपनी पत्नी को प्रताड़ित करने और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं। इंस्टाग्राम पर 97 लाख फॉलोअर्स रखने वाले इस इन्फ्लुएंसर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पीड़िता की शिकायत पर जांच के बाद सराभा नगर पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी पति कंवलजीत सिंह छाबड़ा और उसके पिता मनमोहन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बीआरएस नगर के जी-ब्लॉक की रहने वाली पीड़िता पुनीत कौर ने बताया कि उनकी शादी 19 मई 2021 को कंवलजीत सिंह से हुई थी। पुनीत ने आरोप लगाया कि शादी के शुरुआती दिनों से ही उनका पति छोटी-छोटी बातों पर आपा खो देता था और अक्सर उनके साथ गाली-गलौज व बेरहमी से मारपीट करता था। पीड़िता का आरोप है कि पति उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था ताकि वे तलाक लेने के लिए मजबूर हो जाएं। उसे बार-बार घर से बाहर निकालने की धमकी भी दी जाती थी। बढ़ते अत्याचारों से तंग आकर उन्होंने 13 अक्टूबर 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। विस्तृत जांच के बाद सराभा नगर पुलिस ने बीएनएस की धारा 85 (पति या पति के रिश्तेदार द्वारा क्रूरता), 115(2) और 117(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 316(2) (आपराधिक विश्वासघात), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 3(5) (समान इरादा) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।