चंडीगढ़: सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक जवान की कथित हिरासत में यातना और मौत के मामले में निलंबित चल रहे सैन्य अधिकारी मेजर अमित कुमार को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने समय से पहले उनके मूल कैडर में वापस भेज दिया है। निलंबन के करीब सात महीने बाद NCB ने यह बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। मेजर अमित कुमार NCB की चंडीगढ़ जोनल यूनिट में असिस्टेंट डायरेक्टर के पद पर तैनात थे।
तत्काल प्रभाव से भारतीय सेना में वापसी
NCB द्वारा जारी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी ने निलंबित अवस्था में ही मेजर अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से भारतीय सेना (मूल कैडर) में वापस भेजने (रिपैट्रिएशन) को मंजूरी दे दी है। उन्हें 19 नवंबर को चंडीगढ़ जोनल यूनिट से कार्यमुक्त कर दिया गया है और नई दिल्ली स्थित सेना मुख्यालय में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।
दो बार बढ़ाया गया था निलंबन
मेजर अमित कुमार को इस मामले में 30 अप्रैल 2026 को निलंबित किया गया था। इसके बाद मामले की गंभीरता और जांच को देखते हुए उनका निलंबन लगातार बढ़ाया गया। पहली बार 29 जुलाई को उनके निलंबन की अवधि 90 दिनों के लिए बढ़ाई गई थी, और इसके बाद 27 अक्टूबर से प्रभावी होते हुए इसे फिर से अगले 90 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया था। निलंबन के बीच ही अब उन्हें वापस उनके मूल विभाग में भेजा गया है।
क्या है BSF जवान जसविंदर सिंह की मौत का पूरा मामला?
मेजर अमित कुमार का निलंबन BSF कांस्टेबल जसविंदर सिंह की मौत से जुड़ा हुआ है, जिनकी इस साल मार्च में NCB की हिरासत में मौत हो गई थी। त्रिपुरा में तैनात जसविंदर सिंह छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। 3 मार्च को वह अपनी मां के लिए दवाइयां लेकर जम्मू-कश्मीर के मीरान साहिब के पास से अपने गांव दीवानगढ़ लौट रहे थे, तभी NCB की टीम ने उन्हें रास्ते से उठा लिया था।
भाई से जुड़े ड्रग्स मामले में हुई थी हिरासत
जानकारी के मुताबिक, जसविंदर सिंह को उनके भाई से जुड़े एक ड्रग्स संबंधी मामले की जांच के सिलसिले में हिरासत में लिया गया था। हालांकि, जवान के परिवार ने आरोप लगाया था कि हिरासत के दौरान जसविंदर सिंह को यातनाएं दी गईं, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से ही मामला काफी सुर्खियों में रहा और एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे थे, जिसके चलते मेजर अमित कुमार के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई थी।