बस्ती , 09 अक्टूबर : लाइव भारत समाचार :- जनपद के चर्चित समाजसेवी एवं भाजपा नेता चन्द्रमणि पाण्डेय ‘सुदामा’ ने चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग निर्माण के तहत अधिग्रहीत भूमि के ग्रामीणों को मुआवज़ा न दिए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है।
श्री पाण्डेय ने जिलाधिकारी बस्ती को संबोधित पत्र में कहा है कि दिनांक 04 नवम्बर 2024 को जिलाधिकारी महोदय द्वारा गर्भूपुर गांव के ग्रामीणों की अधिग्रहीत भूमि का मूल्यांकन संशोधित करते हुए ₹54 लाख प्रति हेक्टेयर दर पर भुगतान का आदेश पारित किया गया था। परंतु आज तक राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, बस्ती के अधिशाषी अभियंता द्वारा आदेश के अनुपालन में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के साथ यह अत्यंत अन्यायपूर्ण और प्रशासनिक उपेक्षा का उदाहरण है। आदेश के क्रम में भुगतान न होना जहां शासनादेश की अवहेलना है, वहीं इससे सरकार की जनसरोकार नीति पर भी प्रश्नचिह्न लगता है।
श्री पाण्डेय ने यह भी कहा कि अधिग्रहण अवधि 29 सितंबर 2022 से 15 दिसंबर 2023 तक मात्र 442 दिनों का ब्याज स्वीकृत किया गया है, जबकि वास्तविक न्यायोचित ब्याज भुगतान की तिथि तक दिया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि एक सप्ताह के भीतर ब्याज सहित समस्त प्रभावित ग्रामीणों को भुगतान सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा वे ग्रामीणों के साथ अधिशाषी अभियंता के गैरजिम्मेदाराना रवैये के विरुद्ध आर-पार के जन आंदोलन को बाध्य होंगे।
सुदामा जी ने चेतावनी दी है कि अब और उपेक्षा सहन नहीं की जाएगी। यदि निर्दोष ग्रामीणों को उनका हक़ नहीं मिला तो वे शांतिपूर्ण लेकिन सशक्त आंदोलन के माध्यम से प्रशासन को जगाने का कार्य करेंगे।
रिपोर्ट ,बस्ती ब्यूरो : लाइव भारत समाचार