बस्ती ,9 मई : लाइव भारत समाचार :- 47 यूपी बटालियन एनसीसी बस्ती के शिव हर्ष उपाध्याय किसान इंटर कॉलेज, बस्ती में ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूरा होने पर कैप्टन जितेंद्र कुमार सिंह शाही के निर्देशन में एक गोष्ठी का आयोजन हुआ। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री मनोज कुमार सिंह जी उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम में कैप्टन शाही ने एनसीसी कैडेटों को बताया कि ऑपरेशन सिंदूर भारत द्वारा 6-7 मई 2025 की रात को पाकिस्तान और पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों के खिलाफ चलाया गया एक सटीक और रणनीतिक सैन्य अभियान था। यह अभियान 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए भीषण आतंकवादी हमले का जवाब था, जिसमें 26 नागरिकों की जान गई थी।
ऑपरेशन सिंदूर का नाम पहलगाम हमले में मारे गए निर्दोष लोगों और विशेष रूप से शहीदों की पत्नियों को एक व्यक्तिगत श्रद्धांजलि के रूप में दिया गया था, जो हमारे देश के अडिग संकल्प को दर्शाता है और हमारी सेना के शौर्य, साहस और तकनीक के बारे में बताता है।
साथ ही इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कॉलेज के प्राचार्य ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत के जवानों के शौर्य की गाथा है और यह एनसीसी कैडेट जो सामने बैठे हुए हैं, यह हमारे देश के भविष्य हैं। ऑपरेशन सिंदूर से सीखने को बहुत सी चीजें आपको मिलेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय वायुसेना, थल सेना और नौसेना ने मिलकर इस अभियान को अंजाम दिया। इस अभियान में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए, इसलिए हमें तकनीक पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। आप सभी कैडेट भारत के भविष्य हो, इसलिए बहुत सी चीजें आपको भारतीय सेना और जवानों से सीखनी चाहिए। हमारी सबसे बड़ी श्रद्धांजलि यही रणनीतिक सैन्य अभियान था।
इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए तथा ऑपरेशन सिंदूर पर पेंटिंग की प्रतियोगिता भी हुई। इसमें एनसीसी कैडेटों ने प्रतिभाग किया। इस पूरे कार्यक्रम के दौरान लक्ष्मी,शुभी पांडेय आंचल सोनी, तन्वी, अनिरुद्ध यादव, राजमणि गुप्ता, शिवांश सिंह आनंद दुबे सहित 39 कैडेट उपस्थित रहे।
रिपोर्ट ,बस्ती ब्यूरो : लाइव भारत समाचार