राष्ट्रीय दैनिक | राजनीति / पर्यावरण

पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाएगी भाजपा, बस्ती में बृहद पौधारोपण अभियान आज से

जिला अध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा ने संगठनात्मक बैठक में तय की रणनीति; बूथ सत्यापन, ‘सरल ऐप’ पर डेटा अपलोड और जनभागीदारी पर दिया विशेष जोर

बस्ती, 11 जुलाई (लाइव भारत समाचार ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में बस्ती जनपद में व्यापक पौधारोपण अभियान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। अभियान के सफल संचालन और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रणनीति तय करने के लिए भाजपा जिला कार्यालय पर जिला अध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारियों एवं सभी मंडल अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पौधारोपण अभियान की विस्तृत कार्ययोजना, जनसहभागिता बढ़ाने की रणनीति तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व है। प्रत्येक कार्यकर्ता को पौधारोपण को जनअभियान बनाते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ना होगा।
उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। प्रदेश सरकार के ‘नवनिर्माण के नौ वर्ष’ विकास यात्रा के साथ प्रकृति के संतुलन को बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। इसी सोच के तहत पौधारोपण अभियान को ऐतिहासिक बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बैठक में संगठनात्मक मजबूती पर भी विशेष बल दिया गया। जिला अध्यक्ष ने बढ़े हुए बूथों की संख्या के अनुरूप बूथ पदाधिकारियों के सत्यापन, संगठनात्मक डेटा के डिजिटलीकरण तथा ‘सरल ऐप’ पर समयबद्ध एवं त्रुटिरहित अपलोड सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित संगठनात्मक व्यवस्था भविष्य की आवश्यकता है और प्रत्येक कार्यकर्ता को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से पूर्ण समर्पण के साथ अभियान में उतरने का आह्वान करते हुए कहा कि पौधारोपण के माध्यम से समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरण का संदेश पहुंचाया जाएगा।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अजय पाल सिंह ने बताया कि बैठक में प्रेम प्रकाश चौधरी, प्रदीप निषाद, विनय सिंह भारद्वाज, वेद प्रकाश त्रिपाठी, तारक जायसवाल, ओमकार सिंह, मनोज कुमार पाठक, लवकुश शुक्ला, गंगेश सिंह, राजेश कमलापुरी, गौरव मणि तिवारी, गिरजेश यादव, जमुना पाण्डेय, सुजीत सोनी, सुधाकर विक्रम सिंह, सुरेश भट्ट, कमेन्द्र चौहान, सर्वजीत भारती, शिव प्रसाद चौधरी, विजय भान सिंह, अंकित पाण्डेय ‘पवन’, संजय कुमार चौरसिया, दुर्गेश अग्रहरी, शिवचरण जायसवाल सहित जिला पदाधिकारी एवं सभी मंडलों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : बस्ती ब्यूरो | लाइव भारत समाचार