300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, ₹78 हजार तक सब्सिडी; पीएम सूर्य घर योजना से 25 साल तक बिजली बिल से राहत
भीषण गर्मी में एसी, कूलर और फ्रिज चलाने वालों के लिए बड़ी राहत, अब तक 26 लाख से अधिक घरों पर लगे रूफटॉप सोलर
नई दिल्ली, 20 जुलाई। देशभर में भीषण गर्मी और उमस के बीच जहां बिजली की खपत लगातार बढ़ रही है, वहीं बढ़ते बिजली बिल ने आम उपभोक्ताओं की चिंता भी बढ़ा दी है। ऐसे समय में केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना लाखों परिवारों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनकर उभरी है। इस योजना के तहत घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगवाने वाले उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली के साथ ₹78,000 तक की सरकारी सब्सिडी भी दी जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2024 में शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य देश के एक करोड़ घरों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित करना है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2026 तक 26.19 लाख से अधिक घर इस योजना से जुड़ चुके हैं और लाभार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
सरकार दे रही आकर्षक सब्सिडी
योजना के अंतर्गत सोलर पैनल की क्षमता के आधार पर सरकार वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रही है। 1 से 2 किलोवाट क्षमता वाले सिस्टम पर ₹30,000 से ₹60,000 तक तथा 2 से 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता वाले सिस्टम पर ₹60,000 से ₹78,000 तक की सब्सिडी सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है।
25 वर्षों तक बिजली बिल से राहत
विशेषज्ञों के अनुसार, रूफटॉप सोलर पैनलों की औसत आयु लगभग 25 वर्ष होती है। ऐसे में एक बार सोलर सिस्टम स्थापित होने के बाद उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली बिल में बड़ी बचत होती है। इसके साथ ही अतिरिक्त बिजली उत्पादन होने पर नेट मीटरिंग व्यवस्था के माध्यम से उपभोक्ता अतिरिक्त आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं।
5 मिनट में ऑनलाइन आवेदन
योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और सरल बनाई गई है। इच्छुक उपभोक्ता आधिकारिक पोर्टल पर जाकर कुछ आसान चरणों में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद संबंधित विद्युत वितरण कंपनी (DISCOM) से तकनीकी स्वीकृति मिलने पर पंजीकृत विक्रेता द्वारा सोलर पैनल स्थापित किया जाता है। नेट मीटर लगने और निरीक्षण पूरा होने के बाद सब्सिडी सीधे बैंक खाते में स्थानांतरित कर दी जाती है।
योजना की प्रमुख बातें
300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ।
केंद्र सरकार द्वारा ₹78,000 तक की सरकारी सब्सिडी।
राज सरकार के तरफ से भी अतिरिक्त सब्सिडी
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 30000 की सब्सिडी
यानी यूपी के उपभोक्ताओं को 108000 की सब्सिडी
25 वर्ष तक बिजली बिल में बड़ी बचत।
1 करोड़ घरों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य।
मार्च 2026 तक 26.19 लाख से अधिक घर योजना से लाभान्वित।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और आसान।
कैसे करें आवेदन?
आधिकारिक पोर्टल पर जाएँ।
“Apply for Rooftop Solar” विकल्प चुनें।
राज्य और DISCOM का चयन करें।
उपभोक्ता संख्या, मोबाइल और ईमेल दर्ज कर लॉगिन करें।
आवेदन फॉर्म भरकर जमा करें।
तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद पंजीकृत विक्रेता से सोलर पैनल लगवाएँ।
नेट मीटरिंग और निरीक्षण के बाद सब्सिडी सीधे बैंक खाते में प्राप्त करें।
राष्ट्रीय संदेश
ऊर्जा आत्मनिर्भरता, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा और आम नागरिकों के बिजली खर्च को कम करने के उद्देश्य से शुरू की गई प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना तेजी से देश की सबसे लोकप्रिय ऊर्जा योजनाओं में शामिल होती जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह योजना न केवल बिजली बिल कम करेगी, बल्कि भारत को हरित ऊर्जा के क्षेत्र में भी नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
रिपोर्ट लाइव भारत समाचार