निजता के उल्लंघन और महंगाई के खिलाफ सड़क पर उतरी माकपा, राष्ट्रपति को भेजा 7 सूत्रीय मांग पत्र


*बस्ती में जोरदार प्रदर्शन, डीएम कार्यालय पर नारेबाजी; किसानों के 58 करोड़ बकाया भुगतान की मांग*

बस्ती 02 सितंबर | लाइव भारत समाचार प्रदेश सरकार द्वारा पुलिस के माध्यम से माकपा कार्यकर्ताओं की निजी जानकारी जुटाए जाने और बढ़ती महंगाई के विरोध में मंगलवार को बस्ती में वामपंथी दलों और जन संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व में खेत मजदूर यूनियन, किसान सभा, एसएफआई, एडवा और नौजवान सभा के कार्यकर्ताओं ने न्याय मार्ग से जुलूस निकालते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया और महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित सात सूत्रीय मांग पत्र उप जिलाधिकारी शत्रुघ्न पाठक को सौंपा।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख 7 मांगें –
*1. निजता के अधिकार की रक्षा:पुलिस द्वारा माकपा कार्यकर्ताओं की निजी जानकारी जुटाना निजता के अधिकार का उल्लंघन है, इसे तत्काल रोका जाए।
*2. कृत्रिम महंगाई पर रोक: चीनी, खाद्य तेल, खाद-बीज सहित आवश्यक वस्तुओं के दामों में हो रही कृत्रिम बढ़ोतरी पर नियंत्रण किया जाए।
*3. पेट्रोल में इथेनॉल: पेट्रोल में इथेनॉल मिलावट के फैसले पर पुनर्विचार हो।
*4. गन्ना किसानों का बकाया: अठदमा चीनी मिल का 50 करोड़ और वाल्टरगंज चीनी मिल का 08 करोड़, कुल 58 करोड़ रुपये गन्ना बकाया का तत्काल भुगतान कराया जाए।
*5. इथेनॉल फैक्ट्री स्थानांतरण: दसिया इथेनॉल फैक्ट्री को कृषि भूमि और घनी नागरिक आबादी से हटाकर औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित किया जाए।
*6. जर्जर सड़क का निर्माण: शुगर मिल बस्ती से करण मंदिर तक की जर्जर सड़क का तत्काल पुनर्निर्माण कराया जाए।
*7. बंदरों के आतंक से निजात: वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के सिकटा और आसपास के गांवों में बंदरों के आतंक से ग्रामीणों को मुक्ति दिलाई जाए।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरकार जनविरोधी नीतियों पर काम कर रही है। एक तरफ कार्यकर्ताओं की निजता का उल्लंघन किया जा रहा है तो दूसरी तरफ महंगाई से आम आदमी की कमर टूट रही है।
प्रदर्शन में माकपा नेता शेषमणि, के के तिवारी, राम अचल निषाद, नरसिंह भारद्वाज, शिव चरण निषाद, सोनी, संतोष कुमार यादव, नवनीत कुमार यादव, ऋषिक द्विवेदी, सुरेश चंद्र, राम भजन चौधरी, शिवम यादव, राज मोहम्मद, हमजा खान, अब्दुल हक, आनंद शुक्ला, राम केश, प्रशांत शुक्ला सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट ब्यूरो बस्ती|लाइव भारत समाचार