*ADM ने दिए सख्त निर्देश बिना कागज पूरे न किए न चले स्कूल वाहन हर बस में महिला परिचर अनिवार्य*

मिशन सेफ फ्यूचर 3.0: बस्ती में स्कूल वाहन सुरक्षा को लेकर जिला स्तरीय बैठक, 43 विद्यालयों ने लिया भाग
ADM ने दिए सख्त निर्देश – बिना कागज पूरे किए न चलें स्कूल वाहन, हर बस में महिला परिचर अनिवार्य
बस्ती, 24 सितंबर | लाइव भारत समाचार
परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के पत्र दिनांक 16.09.2026 के क्रम में ‘मिशन सेफ फ्यूचर 3.0’ के अंतर्गत आज दिनांक 24.09.2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की विशेष बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में जनपद के 43 विद्यालयों के प्रबंधक/प्रधानाचार्यों ने प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
अपर जिलाधिकारी ने दिए ये प्रमुख निर्देश –
- सभी विद्यालय अपने स्तर पर विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति का गठन करें और प्रत्येक वर्ष जुलाई, अक्टूबर, जनवरी एवं अप्रैल में नियमित रूप से बैठक आयोजित करें।
- समिति का मुख्य कार्य विद्यालय से संबद्ध सभी वाहनों के दस्तावेजों – पंजीयन प्रमाण-पत्र, बीमा, परमिट, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस का परीक्षण करना होगा।
- फीस का निर्धारण, बस स्टॉपों का चिन्हीकरण, वर्ष में एक बार सभी वाहन चालकों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण और प्रत्येक ड्राइवर का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए।
- यदि कोई संस्तुति हो तो उसे जिला स्तरीय समिति को आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया जाए।
- बच्चों के निजी वाहनों से विद्यालय आने पर विद्यालय प्रबंधन उनके ड्राइविंग लाइसेंस की जांच अवश्य करे।
- बच्चों को लाने-ले जाने के लिए अनधिकृत टेम्पो, ऑटो, मैजिक एवं ई-रिक्शा आदि वाहनों पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
- प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक पीरियड में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा विषय पर जानकारी दी जाए।
अध्यक्ष महोदय ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्यालय में संचालित समस्त वाहनों के प्रपत्र पूर्ण कराने के उपरांत ही बच्चों को लाने व ले जाने हेतु प्रयोग किया जाए। साथ ही बच्चों के सुरक्षित परिवहन के लिए प्रत्येक वाहन में एक परिचर (Attendant) और बालिकाओं के विद्यालय में संचालित वाहनों में अनिवार्य रूप से महिला परिचर (Lady Attendant) की तैनाती होनी चाहिए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद –
उक्त बैठक में सुरेश कुमार, संभागीय परिवहन अधिकारी [प्रवर्तन], श्रीमती माला बाजपेई, वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी [प्रशासन], बस्ती, कुलदीप यादव, क्षेत्राधिकारी, पुलिस लाइन, बस्ती, डॉ. अतुल कुमार पाण्डेय, प्रधानाचार्य, नोडल हायर एजुकेशन, बस्ती, उदयभान वर्मा, अपर जिला विद्यालय निरीक्षक, बस्ती, शिव कुमार मिश्रा, यात्रीकर अधिकारी, बस्ती एवं विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक/प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।
रिपोर्ट ब्यूरो बस्ती| लाइव भारत समाचार