बस्ती, 05 अक्टूबर: लाइव भारत समाचार

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बस्ती में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च, बापू की प्रतिमा के समक्ष संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ
बस्ती। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय आह्वान पर चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत रविवार को बस्ती जिला कांग्रेस कमेटी ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च का आयोजन किया। पार्टी कार्यालय से सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च करते हुए बीडीए परिसर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष पहुंचे। वहां संविधान के अनुच्छेद 326 (वयस्क मताधिकार) का सामूहिक पाठ कर और राष्ट्रगान गाकर कार्यक्रम का समापन किया गया।
मार्च के दौरान कांग्रेसियों ने हाथों में तिरंगा, संविधान की प्रतियां और "वोट चोर गद्दी छोड़ो", "संविधान बचाओ-लोकतंत्र बचाओ" के नारे लिखी तख्तियां ले रखी थीं।
नेताओं ने सरकार पर बोला हमला
जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी ने कहा कि आज देश में संविधान विरोधी ताकतें हावी हैं। उन्होंने कहा, "संविधान विरोधी ताकतों ने लोकतंत्र को बेहद कमजोर कर दिया है। संवैधानिक संस्थाएं सत्ता की गुलाम बनकर रह गई हैं। वोट की चोरी कर लोकतंत्र की हत्या की जा रही है।"
पूर्व जिलाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र पाण्डेय ‘ज्ञानू’ ने कहा, "जेन-जी से लेकर सारे विपक्षी दल संविधान बचाने के लिए सड़कों पर उतरे हैं, लेकिन सरकार घमंड और अहंकार में चूर है। जनता सब देख रही है।"
वरिष्ठ नेता देवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा, "सरकार चाहे जितनी कोशिश कर ले, जिस पार्टी ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया है, वह संविधान और लोकतंत्र की अनदेखी बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता कुर्बानी देने को तैयार है।"
जिला उपाध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव, डॉ. आलोक रंजन, डॉ. वाहिद अली ने संयुक्त रूप से कहा, "जिस दल का देश की आजादी में कोई योगदान नहीं है, वह संविधान और लोकतंत्र का महत्व क्या जाने। कांग्रेस पार्टी हर कीमत पर संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करेगी।"
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी की मांग भी की।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शौकत अली नन्हू, मो. रफीक खां, अनिल कुमार भारती, अलीम अख्तर, राहुल चौधरी, दीपेन्द्र सिंह, सर्वेश शुक्ला, नर्वदेश्वर शुक्ला, कर्नल ए.के. सिंह, कौशल कुमार त्रिपाठी, मंजू पाण्डेय, मारूफ अली, जयंत चौधरी, रामभवन शुक्ल, गिरजेश पाल, अवधेश सिंह, सुनील पाण्डेय, लालजीत पहलवान, इफ्तेखार अहमद, अफजल हुसेन, रामबाबू उर्फ कल्पू, श्रवण पाण्डेय, पिंटू मिश्रा, देवी प्रसाद पाण्डेय, अमरबहादुर सिंह, उमेश दूबे, सलाउद्दीन, मो. अहमद, संजीव त्रिपाठी, आलोक तिवारी, यशराज केके, दिलीप श्रीवास्तव, आनंद निषाद, रामबहादुर सिंह, रामबचन भारती, अतीउल्लह सिद्दीकी, इम्तियाज अहमद, बृजभान कनौजिया, अशरफ अली, दुर्गेश चौधरी, मनीष दूबे, मो. शादाब सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट, बस्ती ब्यूरो: लाइव भारत समाचार