बस्ती उत्तर प्रदेश डेंगू को लेकर डॉक्टर वी.के. वर्मा ने दी अहम सलाह
बस्ती। 12 मार्च:- लाईव भारत समाचार:- जैसे-जैसे गर्मी ने दस्तक दी है, वैसे-वैसे मच्छरों का प्रकोप भी तेजी से बढ़ने लगा है। बदलते मौसम के बीच डेंगू के मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क है। इसी कड़ी में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वी.के. वर्मा से बातचीत की गई, जिन्होंने डेंगू के लक्षणों और उससे बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।
डॉ.वी.के.वर्मा ने बताया कि
डेंगू एक वायरल बीमारी है, जो एडीज एजिप्टी मच्छर के काटने से फैलती है। यह मच्छर साफ और ठहरे हुए पानी में पनपता है तथा प्रायः दिन के समय काटता है।डेंगू के प्रमुख लक्षण
डॉ.वर्मा के अनुसार डेंगू के लक्षण सामान्य बुखार से अलग होते हैं। इनमें
अचानक तेज बुखार , सिरदर्द और आंखों के पीछे दर्द , मांसपेशियों और जोड़ों में तेज दर्द , त्वचा पर लाल चकत्ते , उल्टी या जी मिचलाना , प्लेटलेट्स की संख्या में कमी , गंभीर स्थिति में नाक या मसूड़ों से खून आना आदि है।
उन्होंने बताया कि यदि बुखार तीन से चार दिन तक बना रहे और कमजोरी अधिक महसूस हो , तो तुरंत जांच करानी चाहिए। बचाव ही सबसे बड़ा उपाय है।
डॉ. वर्मा ने कहा कि डेंगू से बचने के लिए सावधानी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निम्न उपाय अपनाने की सलाह दी है। घर और आसपास पानी जमा न होने दें , कूलर , गमले , टायर आदि में जमा पानी सप्ताह में एक बार अवश्य बदलें , पूरी बांह के कपड़े पहनें , मच्छरदानी और रिपेलेंट का उपयोग करें , बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
उन्होंने बताया कि डेंगू का कोई विशेष एंटीबायोटिक इलाज नहीं है , लेकिन समय पर जांच और चिकित्सकीय निगरानी से मरीज पूरी तरह ठीक हो सकता है। बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी दवा न लें। अंत में डॉ.वी.के.वर्मा ने लोगों से अपील की कि घबराने की बजाय जागरूक रहें और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें, ताकि डेंगू जैसी बीमारी को फैलने से रोका जा सके।
रिपोर्ट , अजय श्रीवास्तव लाईव भारत समाचार