
बस्ती। 29 मार्च:- लाईव भारत समाचार:-जिले के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान आरसीसी पब्लिक स्कूल में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित होने के उपलक्ष्य में रिपोर्ट कार्ड वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में छात्रों, अभिभावकों एवं शिक्षकों की भारी भीड़ देखने को मिली। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह उत्सवमय रहा, जहां एक ओर छात्र अपने परिणाम को लेकर उत्साहित नजर आए, वहीं अभिभावकों के चेहरे पर गर्व की झलक साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम के दौरान सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मेधावी छात्रों के सम्मान के समय पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। विद्यालय प्रबंधन ने इन छात्रों को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।
प्रबंध निदेशक शैलेश चौधरी ने कहा कि यह उत्कृष्ट परिणाम शिक्षकों के अथक प्रयास और छात्रों की कड़ी मेहनत का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार हमेशा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है इसी प्रकार आगे भी छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। उन्होंने छात्रों को निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी।
प्रधानाचार्य नवनीत दीक्षित ने कहा कि आरसीसी पब्लिक स्कूल में केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि छात्रों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास को भी विद्यालय में प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण ही विद्यालय की सफलता की असली नींव है।
कार्यक्रम के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। जिन अभिभावकों को अपने बच्चों का नामांकन कराना है, वे विद्यालय से संपर्क कर सकते हैं। विद्यालय प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए सही शैक्षणिक वातावरण का चयन करें।
रिपोर्ट कार्ड वितरण के दौरान छात्रों में अपने प्रदर्शन को लेकर उत्साह और जिज्ञासा साफ दिखाई दी। कई छात्र अपने अच्छे अंकों से खुश नजर आए, जबकि कुछ छात्रों ने अगले सत्र में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया। अभिभावकों ने भी विद्यालय के शिक्षण व्यवस्था और अनुशासन की जमकर सराहना की।
अंत में विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यदि कोई अभिभावक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर वातावरण की तलाश में हैं, तो उन्हें आरसीसी पब्लिक स्कूल अवश्य आकर देखना चाहिए। विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि छात्रों को एक बेहतर इंसान बनाना भी है।
कार्यक्रम के दौरान सत्र के टॉपर छात्र को विशेष रूप से निःशुल्क पुस्तकें एवं सम्मान प्रदान किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार वितरित किए गए, जिनमें श्रेष्ठ व्यवहार पुरस्कार, अनुशासन पुरस्कार, समय पालन पुरस्कार, स्वच्छता पुरस्कार, ईमानदारी पुरस्कार तथा सर्वाधिक प्रगति करने वाले छात्र का पुरस्कार शामिल है। सत्र टॉपर नर्सरी – अभिराज, एलकेजी- प्रदीक्षा, यूकेजी- शांति, कक्षा 1- श्रेष्ठ मिश्रा, कक्षा 2- आंशी पाल, कक्षा 3 – आलिया, कक्षा 4- आस्था वर्मा, कक्षा 5- अंशिका, कक्षा 6- अमन यादव, कक्षा 7- अभिषेक कुमार, कक्षा 8 सोनाली, कक्षा 9 नित्यम, कक्षा 11विज्ञान वर्ग से शालू , कॉमर्स से अर्पित एवं कला से समीक्षा आदि रहे।
रिपोर्ट, अजय श्रीवास्तव;- लाईव भारत समाचार